थाना शालीमार गार्डन पुलिस मुठभेड़ में घायल लुटेरा गिरफ्तार!


गाजियाबाद : थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने आज सुबह एक मुठभेड़ में एक कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार किया। आरोपी को गोली लगने के बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज सुबह 12 जुलाई 2024 को थाना शालीमार गार्डन की एक पुलिस टीम ईएसआई अस्पताल के सामने शालीमार गार्डन की तरफ आने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान, एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने रुकने की बजाय अपनी मोटरसाइकिल को पीछे की ओर मोड़कर तेजी से भागने का प्रयास किया।
पुलिस को शक होने पर जब उन्होंने उसका पीछा किया, तो भागते समय मोटरसाइकिल प्रेम गली में फिसल कर गिर गई। गिरने के बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल और एक अवैध पिस्टल बरामद किया है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी का नाम रवि है और वह दिल्ली के दिलशाद गार्डन का रहने वाला है। उसके खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
इस मुठभेड़ में पुलिस टीम के किसी भी सदस्य के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।



