गाजियाबाद नगर निगम द्वारा कावड़ यात्रियों पर पुष्पों की वर्षा

गाजियाबाद: गाजियाबाद नगर निगम द्वारा कावड़ यात्रियों के स्वागत में पुष्पों की वर्षा का आयोजन किया गया। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम पार्षदों और अधिकारियों के साथ उत्साहपूर्वक कावड़ियों का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में सिविल डिफेंस की टीम भी उपस्थित रही।
मेरठ रोड तिराहे पर विशेष तैयारियों के साथ कावड़ियों का स्वागत किया गया। पैदल आने वाले कावड़ियों, डाक कावड़ और बाइक, स्कूटी व अन्य माध्यमों से आने वाले कावड़ियों पर पुष्पों की वर्षा की गई। महापौर ने बोल बम बम बम के जयकारे लगाकर कावड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मार्ग में आवागमन बाधित न हो, इसके लिए तत्काल सफाई व्यवस्था का भी इंतजाम किया गया।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम सीमा के अंतर्गत पधारने वाले सभी कावड़ यात्रियों का स्वागत है। निगम अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने में पूरी मेहनत की है, जिसमें कई सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग मिला है। शहर में कावड़ महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है, जो बहुत ही मनमोहक है। उन्होंने कामना की कि कावड़ यात्रा सुखद और सुमंगल हो।


नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम लगातार व्यवस्थाओं को बनाने में जुटा हुआ है और कावड़ यात्रा के दौरान निगरानी भी बेहतर रूप से की जा रही है। कावड़ यात्रियों में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता देखी गई है। अधिकांश कावड़ शिविरों को जीरो वेस्ट बनाने का प्रयास किया गया है। श्रद्धा के साथ-साथ कावड़ यात्रियों में स्वच्छता की झलक स्वच्छ शहर के लिए सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम के दौरान उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, पार्षद विरेन्द्र त्यागी, पार्षद नीरज गोयल, पार्षद पूनम सिंह, पार्षद देवनारायण शर्मा, पार्षद ओम प्रकाश ओढ़, पार्षद हिमांशु शर्मा, पार्षद पवन कुमार, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल और अन्य पार्षद गण भी मौजूद रहे।
गाजियाबाद नगर निगम परिवार ने कावड़ यात्रियों की सुखद और सुमंगल यात्रा की कामना की।



