उधार की पिस्टल से गाजियाबाद की बेटी ने दिल्ली स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीते मेडल

गाजियाबाद : दिल्ली में 17 जुलाई से 25 जुलाई 2024 तक आयोजित दिल्ली स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेते हुए एकलव्य शूटिंग एकेडमी, भागीरथ पब्लिक स्कूल की होनहार निशानेबाज ईशिता मलिक ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जनपद गाजियाबाद का नाम रोशन किया है।
ईशिता मलिक ने इस प्रतियोगिता में .22 बोर सपोर्ट पिस्टल 25 मीटर आईएसएसएफ सीनियर वूमेन वर्ग में 545/600 का स्कोर बनाकर सिल्वर मेडल जीता। इसके अलावा, .22 बोर 25 मीटर सपोर्ट पिस्टल आईएसएसएफ जूनियर वूमेन वर्ग में भी 545/600 का स्कोर बनाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
ईशिता की इस उपलब्धि पर निशानेबाजी कोच रहीश मलिक ने गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि ईशिता ने एकलव्य शूटिंग एकेडमी, भागीरथ पब्लिक स्कूल की ओर से प्रतियोगिता में भाग लिया और दो सिल्वर मेडल जीतकर अपने जनपद का नाम रोशन किया।
ईशिता के एकेडमी पहुंचने पर भागीरथ पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर अनादि शुक्ल और भागीरथ सेवा संस्थान के डायरेक्टर अमिताभ शुक्ल ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया। भागीरथ पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य ने ईशिता को बधाई दी और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास और समर्पण की प्रेरणा दी।

ईशिता मलिक ने अपने कोच रहीश मलिक के निर्देशन में प्रतियोगिता में भाग लिया। कोच रहीश मलिक ने बताया कि अगस्त महीने में दिल्ली में आयोजित होने वाली इंडिया शूटिंग टीम ट्रायल में भी एकलव्य शूटिंग एकेडमी के खिलाड़ी भाग लेंगे।
ईशिता की इस सफलता ने न केवल उनके स्कूल और एकेडमी को गर्व महसूस कराया है, बल्कि पूरे गाजियाबाद जनपद को भी गौरवान्वित किया है। सभी की निगाहें अब अगस्त महीने में होने वाली इंडिया शूटिंग टीम ट्रायल पर हैं, जहां ईशिता और उनके साथी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

