कुशलिया गांव में पूर्व प्रधान शाहिद की तीन गाड़ियां जलकर खाक
गाजियाबाद : रजापुर ब्लॉक स्थित कुशलिया गांव में बीती रात एक चौंकाने वाली घटना में पूर्व प्रधान शाहिद की तीन गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। इन गाड़ियों में एक ब्रेजा और दो बलेनो शामिल थीं। घटना ने गांव में सनसनी फैला दी और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए।
आगजनी या साजिश?
ग्राम प्रधान आमिर अहमद ने बताया कि यह घटना रात करीब 12:50 बजे हुई। उन्होंने दावा किया कि आगजनी की यह घटना जानबूझकर की गई है। आग की लपटों में घिरी गाड़ियों के पास एक हथौड़ा बरामद हुआ है, जिससे मामले में साजिश की आशंका गहरी हो गई है।
घटना के तुरंत बाद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया गया। हालांकि, ग्रामीणों और मौजूद लोगों ने पुलिस के आने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में आगजनी की वजह का पता लगाने और दोषियों को पकड़ने के लिए सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना की सच्चाई सामने आएगी।


