इंद्रापुरम के घर में लगी आग, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बचाए गए आसपास के घर

ग़ाज़ियाबाद: आज दोपहर 12:21 बजे, वैशाली फायर स्टेशन को प्लॉट नम्बर-218, शक्तिखण्ड-2, इंद्रापुरम डी-मॉल के पास एक घर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही, फायर स्टेशन वैशाली से अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सहित एक फायर टैंडर मय यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना हुआ।
घटनास्थल पर पहुंचकर देखा गया कि तीन मंजिला इमारत के द्वितीय तल पर एक कमरे में एयर कंडीशनर फटने से आग लग गई थी। फायर यूनिट ने तुरंत होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। फायर फाइटर्स की त्वरित कार्रवाई और कुशलता के कारण आग को जल्द ही काबू में कर लिया गया। इस घटना में आसपास के घरों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
आग से कमरे में रखा हुआ बिस्तर जल गया, लेकिन सौभाग्यवश इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फायर स्टेशन वैशाली के अग्निशमन द्वितीय अधिकारी ने बताया कि “आग लगने की सूचना मिलते ही हमारी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई और आग को काबू में कर लिया। हमारी त्वरित कार्रवाई से आसपास के घरों को भी बचाने में सफलता मिली।”
नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने घरों में आग बुझाने का यंत्र अवश्य रखें और आग से बचाव के नियमों का पालन करें।

