जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने जिला कारागार का मासिक निरीक्षण किया, कैदियों के स्वास्थ्य और सुविधाओं का लिया जायजा

गाजियाबाद: जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने आज गाजियाबाद जिला कारागार, डासना का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में साफ-सफाई, स्वच्छता, पेयजल और मौसम अनुकूल वातावरण का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि जेल में सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं। उन्होंने जेल अधीक्षक आलोक सिंह को निर्देश दिए कि जेल में कैदियों से मिलने आने वाले उनके परिजनों को यह अवगत कराया जाए कि वे जेल के अंदर पॉलीथीन, प्रतिबंधित प्लास्टिक सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं न लाएं।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि बीमार कैदियों का समय से उपचार कराया जाए और इस बात का ध्यान रखा जाए कि केवल वही कैदी अस्पताल में भर्ती कराए जाएं जिनकी वास्तव में भर्ती कराने की आवश्यकता हो। बढ़ते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी ने कैदियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए भी जेल अधीक्षक को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ एडीएम सिटी गम्भीर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।


