संविलियन विद्यालय भूडगढ़ी में स्काउट गाइड शिविर का समापन
गाजियाबाद: संविलियन विद्यालय भूडगढ़ी ब्लॉक रजापुर में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर का समापन बुधवार को किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में बेसिक शिक्षा अधिकारी, ओ.पी. यादव और खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार उपस्थित रहे।
स्काउट गाइड ने ताली के द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया। तत्पश्चात, मुख्य अतिथि ने उत्तर प्रदेश, केरल, गुजरात और पंजाब थीम पर बनाए गए शिविरों का निरीक्षण किया। स्काउट एवं गाइड ने अपने-अपने प्रदेश के अनुसार व्यंजन एवं वेशभूषा का प्रदर्शन भी किया।
विद्यालय के प्राथमिक स्तर के कब एवं बुलबुल ने विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। विद्यालय के नन्हे मुन्ने बच्चों ने सरस्वती वंदना और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
स्काउट गाइड का प्रशिक्षण जिले की गाइड कैप्टन सुधा पांडे और ब्लॉक स्काउट मास्टर प्रियंका रस्तोगी के द्वारा आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद हनीफ, स्काउट दल नायक सरिता गुप्ता और सहायक अंजुम का विशेष सहयोग रहा। स्काउट गाइड शिविर में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


