Ghaziabad

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान पार्श्वनाथ जन्म कल्याणक एवं नवनिर्मित गुफा का किया लोकार्पण, जैन समाज की आध्यात्मिक परंपरा की सराहना

गाजियाबाद। मुरादनगर के दिल्ली–मेरठ रोड स्थित तरुणसागरम्, बसंतपुर सेंतली में बुधवार को एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान पार्श्वनाथ के जन्म कल्याणक एवं 100 दिनों में पूर्ण हुई नवनिर्मित गुफा का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर आयोजकों ने पगड़ी पहनाकर, कमंडल, माला और स्मृति-चित्र भेंट कर उनका सम्मान किया।

दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम समिति के पदाधिकारियों और जैन समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को इस पावन अवसर का हिस्सा बनने हेतु आमंत्रित करने के लिए आभार व्यक्त किया।


“भारत ने विश्व को दिया आध्यात्मिक पथ” – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री ने जैन धर्म के मंत्रों का उच्चारण करते हुए कहा कि भगवान पार्श्वनाथ एवं पूज्य तरुण सागर जी महाराज की पावन स्मृतियों को नमन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, “आध्यात्मिक उन्नयन के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुसंस्कृत वातावरण आवश्यक है, और यह धरोहर भारत ने ही विश्व को दी है। आज भी भारत ही आध्यात्मिक नेतृत्व कर रहा है, हमें इस पर गर्व होना चाहिए।”

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यदि समाज भारत की ऋषि-मुनि परंपरा को हृदय से आत्मसात करे, तो यही मार्ग मानवता के कल्याण का द्वार खोल सकता है।


प्रधानमंत्री मोदी के ‘नौ संकल्प’ का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली में आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर जनता को दिए गए नौ संकल्पों का उल्लेख किया-

  • जल संरक्षण
  • माँ के नाम एक पेड़
  • स्वच्छता अभियान
  • वोकल फॉर लोकल
  • देश दर्शन
  • प्राकृतिक खेती
  • स्वस्थ जीवनशैली
  • योग एवं खेल
  • गरीबों की सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन समाज इन संकल्पों को आत्मसात कर समाज का मार्गदर्शन कर रहा है।


496 दिन के निर्जल उपवास की प्रेरक कथा

मुख्यमंत्री योगी ने श्री प्रसन्ना जी महाराज की उल्लेखनीय तपस्या की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि महाराज द्वारा 557 दिनों की अद्भुत ‘सिंहनिष्क्रीड़ित’ व्रत साधना में 496 दिन निर्जल उपवास किया गया, जो आध्यात्मिक शक्ति और संकल्प का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा, “यदि मनुष्य संकल्प ले ले, तो पिंड में ही ब्रह्मांड समा जाता है। मानव शरीर में ही वह सब दिख जाता है, जो हम संसार में देखते हैं।”


लोकार्पण के बाद किया पौधारोपण

गुफा मंदिर के लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित

इस भव्य आयोजन में महापौर, क्षेत्रीय विधायकगण, भाजपा महानगर अध्यक्ष, जैन समाज के वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button