सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक ने की महिला की मदद
गाजियाबाद : शहरी जीवन की व्यस्तता के बीच हम सब संवेदन शून्य हो गये हैं, इसीलिए हम अपने आसपास होने वाली घटनाओं से आंख मूंद लेते हैं। आज नासिर पुर फाटक पर रेलवे लाइन पटरी पर बीच में एक गाड़ी बंद हो जाने के कारण एक महिला गाड़ी को अकेले धक्का लगा रही थी। उसके आसपास से गुजरने वाले तमाम लोग देखकर भी अनदेखी करते हुए आगे बढ़ गये। पीछे से दुपहिया वाहन पर आ रहे सिविल डिफेंस के नगर प्रभाग की पोस्ट 8 के डिप्टी पोस्ट वार्डन हर्ष वर्मा ने एक अकेली महिला को धक्का लगाते देख तत्काल अपना वाहन एक किनारे खड़ा करके उस महिला का सहयोग किया और गाड़ी स्टार्ट होने तक उसके साथ लगे रहे। उन्हें ऐसा करते देख फिर एक अन्य व्यक्ति ने भी महिला को हटा कर धक्का देने में सहयोग किया।
उनके इस कार्य के सिविल डिफेंस विभाग में सर्वत्र सराहना की जा रही है। विभाग के सहायक उपनियंत्रक बनवारी लाल का कहना है कि सिविल डिफेंस समय समय पर अपने सभी वार्डनों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण तो देता ही है, साथ ही अपने आसपास होने वाली दुर्घटनाओं में भी तत्काल मदद के लिए भी प्रेरित करता है।