शहर कोतवाली इलाके में चोरों ने पत्रकार के घर को खंगाल डाला

गाजियाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर में चोरों ने पत्रकार मुकेश कुमार और उनके भाई दिनेश कुमार के घर में घुसकर लाखों रुपए की चोरी को अंजाम दिया। पूरा परिवार शादी समारोह में दिल्ली गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने ताले तोड़ दिए और घर में रखा कीमती सामान ले उड़े।
घटना का विवरण
घटना 16 जनवरी की रात की है। घने कोहरे का फायदा उठाकर चोरों ने पहले ताले तोड़े और फिर घर में घुसकर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिवार जब 17 जनवरी की सुबह करीब 8:00 बजे घर लौटा, तो उनके होश उड़ गए। घर के चार दरवाजों के ताले टूटे हुए थे, और सामान बिखरा पड़ा था।
मुकेश कुमार ने बताया कि चोर लगभग 20 लाख रुपए के गहने और 1.75 लाख रुपए की नगदी के अलावा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरों ने नीचे की मंजिल पर दिनेश कुमार के घर और ऊपर की मंजिल पर मुकेश कुमार के घर को खंगाल डाला।
कोहरा बना चोरों का हथियार
दिनेश कुमार ने कहा कि कोहरे का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। परिवार शादी में गया था और रात्रि में लौटने की योजना थी, लेकिन कोहरे के कारण वे घर नहीं लौट सके।
पुलिस की कार्रवाई
चोरी की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मुकेश कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।


