गाजियाबाद: भाईयों ने की नाबालिग बहन की दरिंदगी, मां ने करवाई गिरफ्तारी

गाजियाबाद: टीला मोड़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो भाइयों ने अपनी नाबालिग बहन के साथ दरिंदगी की। इस जघन्य अपराध पर पीड़िता की मां ने बेटों से मोह त्याग पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, टीला मोड़ थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में महिला अपने तीन बेटों और एक बेटी के साथ रहती है। उनके पति का कुछ समय पहले निधन हो चुका है। शनिवार को महिला अपनी बेटी को पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल ले गई। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह दी।

अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में 14 वर्षीय किशोरी के 22 सप्ताह की गर्भवती होने का पता चला। जब मां ने बेटी से इस बारे में पूछा तो उसने सारी हकीकत बयां कर दी।
पीड़िता ने बताया कि पिछले एक साल से उसके दोनों बड़े भाई जब भी मां घर से बाहर जाती थीं, मौका देखकर उसके साथ दरिंदगी करते थे। उन्होंने उसे किसी को भी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस घटना से पीड़ित मां ने अपनी बेटी की इज्जत बचाने के लिए थाने पहुंचकर दोनों आरोपी बेटों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ POCSO Act और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

