शादी का घर 24 घंटे बाद मातम में बदला, मेरठ में विदाई के महज 24 घंटे के अंदर दुल्हन की मौत
मेरठ: मेरठ में शादी वाले घर में दर्दनाक हादसा हो गया है। शादी के दूसरे दिन दुल्हन बाथरूम में बेहोश हो गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर लगते ही ससुराल व मायके पक्ष में कोहराम मच गया। अचानक हुई घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पीलीभीत में पदस्थ इंजीनियर पारस त्यागी जागृति विहार में रहते हैं। उसकी शादी 26 जनवरी को गाजियाबाद निवासी वैशाली से हुई थी। शुक्रवार को पारस त्यागी परिवार समेत खुशी खुशी दुल्हनिया लेकर घर आए। घर में खुशी का माहौल था। हर कोई पारस और वैशाली को शादी की बधाई दे रहा था।
शनिवार की सुबह दुल्हन वैशाली बाथरूम में नहाने चली गई। इसी दौरान गीजर से गैस का रिसाव होने से वैशाली बेहोश हो गई। जब परिजन को इस बात का पता चला तो वे आनन-फानन में उसे आनंद अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने वैशाली को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शनिवार को सूरजकुंड में अंतिम संस्कार कर दिया।
दुल्हन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग और दूर से रिश्तेदार घर पहुंचे। परिवार को सांत्वना दी। अचानक हुई इस घटना से परिजन और दुल्हन का पति सदमे में है।
शनिवार को भजन संध्या का आयोजन होने के कारण वैशाली के परिजन सुबह ही जागृति विहार आ गए थे। हादसे के बाद उन्होंने वैशाली का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद बिना पोस्टमॉर्टम के अंतिम संस्कार कर दिया गया।