हम तुम रोड पर जीडीए ने भरे गड्ढे, राहगीरों ने जताया आभार – सड़क निर्माण को मिलेगी रफ्तार

गाजियाबाद :राजनगर एक्सटेंशन की प्रमुख हम तुम रोड पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गड्ढों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। यह कदम जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के दिशा-निर्देश पर उठाया गया, जिनके अनुसार प्राधिकरण से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
जोन-1 अनुभाग की टीम ने गिट्टी और जीएसबी डालकर गड्ढों की भराई का कार्य किया। निलाया ग्रीन, महक जीवन, राज विलास, दिया ग्रीन, संचार, मीडोज़ और मोती रेजीडेंसी जैसी आधा दर्जन से अधिक सोसाइटियों के निवासियों ने लंबे समय से इस मरम्मत की मांग की थी। फिलहाल गड्ढे भरने से सोसाइटियों के परिवारों ने राहत की सांस ली और प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया।


करीब 2700 मीटर लंबी हम तुम रोड का निर्माण कार्य प्रस्तावित है, जिसके लिए टोटल स्टेशन सर्वे (टीएसएस) पूरा हो चुका है। वहीं, राजनगर एक्सटेंशन की बंधा रोड को नूरनगर से जोड़ने वाली 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण कार्य ने भी रफ्तार पकड़ ली है। किसानों से आपसी सहमति से भूमि क्रय के बाद लगभग 7.5 करोड़ रुपये का मुआवज़ा वितरित किया जा चुका है।
इन सड़कों के निर्माण पर कुल 42 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसमें से 32 करोड़ रुपये भूमि प्रतिकर के रूप में किसानों को दिए जाएंगे। प्राधिकरण ने मानसून के बीच ही मिट्टी भराई का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है ताकि बाद में पक्की सड़क का निर्माण तेजी से हो सके।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि –
“सड़क निर्माण से क्षेत्र की यातायात सुविधा बेहतर होगी और सुनियोजित विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे राजस्व भी बढ़ेगा, जिसे अन्य सड़कों जैसे हम तुम रोड, प्रस्तावित कमिश्नरेट रोड और सिक रोड के विकास पर खर्च किया जा सकेगा।”
इस कदम ने न केवल क्षेत्रवासियों को राहत दी है बल्कि भविष्य में यातायात सुगम बनाने और शहरी विकास की गति को भी नई दिशा दी है।



