सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना पर गाजियाबाद नगर कोतवाली प्रभारी धर्मपाल सिंह सस्पेंड

गाजियाबाद। एनिमल एक्टिविस्ट गौरव सौरभ को सुरक्षा उपलब्ध न कराने के मामले में पुलिस विभाग पर गाज गिरी है। नगर कोतवाली प्रभारी धर्मपाल सिंह को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन न करने पर सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर ने की है, जिन्होंने मामले में लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी किया।
दरअसल, गौरव सौरभ ने कोर्ट में शिकायत की थी कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद सुरक्षा नहीं दी जा रही है। इस पर सर्वोच्च न्यायालय ने अवमानना का नोटिस जारी किया था। पुलिस विभाग पर दबाव बढ़ते ही, सुप्रीम कोर्ट में आज होने वाली सुनवाई से पूर्व ही यह कार्रवाई की गई।
आरोप है कि धर्मपाल सिंह, जब नंदग्राम थाना प्रभारी थे, तब भी उन्होंने कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं किया। इसी कारण सुप्रीम कोर्ट ने कठोर रुख अपनाया और पुलिस कमिश्नर ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए धर्मपाल सिंह को सस्पेंड कर दिया।



