‘सलीम वास्तिक 0007’ के नाम से सक्रिय यूट्यूबर निकला भगोड़ा अपराधी, लोनी से गिरफ्तारी

गाजियाबाद : खुद को ‘एक्स-मुस्लिम’ यूट्यूबर बताकर सोशल मीडिया पर पहचान बनाने वाला सलीम वास्तिक उर्फ ‘सलीम वास्तिक 0007’ को दिल्ली पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसका असली नाम सलीम खान पुत्र नूरहसन है और वह पिछले करीब 25 वर्षों से फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सलीम खान मूल रूप से शामली का रहने वाला है। उस पर वर्ष 1995 में दिल्ली के गोकलपुरी इलाके से 13 वर्षीय संदीप बंसल के अपहरण और हत्या का आरोप था। इस मामले में वर्ष 1997 में उसे अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
बताया गया कि वर्ष 2000 में जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया और तब से लगातार अलग-अलग जगहों पर पहचान बदलकर रह रहा था। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से अपनी नई पहचान बनाई।
हालिया हमले के बाद आया था चर्चा में
कुछ सप्ताह पहले लोनी क्षेत्र में उस पर जानलेवा हमला भी हुआ था, जिसमें उसे कई बार चाकू मारे गए थे। इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया था। उस घटना के बाद वह स्थानीय स्तर पर चर्चा में आया था।
सोशल मीडिया की पहचान के पीछे छिपा था आपराधिक अतीत
गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हुआ कि सोशल मीडिया पर चर्चित यह चेहरा दरअसल एक सजायाफ्ता और लंबे समय से फरार अपराधी था।
दिल्ली पुलिस ने देर रात उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और बाद में तिहाड़ जेल भेज दिया। मामले में पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के नेटवर्क और फरारी के दौरान उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।



