मेरठ। रविवार देर रात परतापुर थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे की संदिग्ध हालात में पांचवी मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। सुबह कॉलोनी के अन्य लोगों ने युवक का शव जमीन पर पड़ा देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की एक बहन ने जहां अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस मामले को संदिग्ध मान जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से रोहटा के चंदौड़ी खास निवासी जंग बहादुर यूपी पुलिस से रिटायर इंस्पेक्टर हैं। जंग बहादुर अपने गांव में ही रहते हैं। बताया जाता है कि जंग बहादुर की दो बेटियां एयरफोर्स में तैनात हैं। जबकि सबसे छोटा बेटा 30 वर्षीय आयुष परतापुर स्थित शताब्दी नगर जलवायु टावर में रहता था। परिजनों के मुताबिक आयुष किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। सोमवार की सुबह क्षेत्र के लोगों ने जलवायु टावर के कंपाउंड में आयुष उर्फ गौरव का खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। क्षेत्रवासियों द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। शव के आसपास खून बिखरा हुआ था।
पुलिस ने बिल्डिंग के पांचवें फ्लोर पर स्थित आयुष के फ्लैट की भी जांच-पड़ताल की। लेकिन पुलिस के हाथ ऐसा कोई सुराग नहीं मिला जिससे युवक के गिरने की पुष्टि हो सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस पर फोन पर हुई बातचीत में मृतक की बहन ने बताया कि रात लगभग 12 बजे उसकी अपने भाई से बात हुई थी। उसने अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस घटना को संदिग्ध मान जांच में जुटी है। इंस्पेक्टर परतापुर ने बताया कि मृतक युवक लगभग दो महीने पहले चोरी के एक मामले में जेल भी गया था। फिलहाल पुलिस हत्या या हादसा दोनों ही एंगल को जांच के दायरे में रखते हुए पड़ताल कर रही है।