संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर महानगर में कार्यक्रम आयोजित

गाजियाबाद, 12 फरवरी 2025: आज देशभर में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 648वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के सदर विधायक और महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में महानगर के सभी मंडलों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में संत रविदास जी के समाज कल्याण के लिए किए गए कार्यों का स्मरण किया गया।
संजीव शर्मा ने संत रविदास जी के योगदान को याद करते हुए कहा, “गुरु संत रविदास ने मानवता को अपने जीवन का ध्येय बनाया। वे धर्म तथा जाति के भेदभाव को मिटाने और समाज में एकता लाने के लिए समर्पित रहे। आइए, हम गुरु रविदास जी की शिक्षा को अपनाएं और समृद्ध तथा विकसित राष्ट्र के निर्माण में निरंतर योगदान देते रहें।”
मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी ने संत रविदास जी के दोहे का उल्लेख करते हुए कहा, “करम बंधन में बन्ध रहियो, फल की ना तज्जियो आस। कर्म मानुष का धर्म है, सत् भाखै रविदास।” उन्होंने कहा कि सामाजिक समानता के लिए जीवनपर्यंत कार्य करने वाले संत शिरोमणि गुरु रविदास की न्याय, समानता और सेवा की शिक्षा हर युग में प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर राजनगर मंडल के अध्यक्ष नीरज त्यागी, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनीत शर्मा, एम के प्रमुख, कार्यक्रम संयोजक आर एन राम, तनुज खन्ना, संजय चौधरी, जय सिंह, किरण चौधरी, सोनू सिंघल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि संत गुरु रविदास जी का जन्म माघ पूर्णिमा के दिन हुआ था, जिसे इस वर्ष 12 फरवरी 2025 को मनाया जा रहा है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज में समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती हैं।



