श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में गणपति बप्पा विराजे, लड्डू महोत्सव की शुरुआत — पहले दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गाज़ियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में बुधवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर चार दिवसीय श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव का शुभारंभ हुआ। मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान के साथ गणपति प्रतिमा की स्थापना कराई।
इस अवसर पर भगवान गणेश को 1100 लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया। महोत्सव की शुरुआत पर गाजियाबाद समेत विभिन्न शहरों से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और महाराजश्री का आशीर्वाद लिया।
पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान
पहले दिन गणेश-गौरी पूजन, षोडश मातृका पूजन, कलश पूजन, नवग्रह पूजन, श्री सर्वतोभद्र मंडल पूजन सहित अनेक वैदिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। गणेश सहस्रनाम, गणेश अथर्वशीर्ष, संकट नाशन गणेश स्तोत्र और गणेश पंचरत्न स्तोत्र का पाठ भी किया गया।
विशेष अतिथि और आशीर्वाद
महोत्सव में गाजियाबाद विधायक संजीव शर्मा ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और लोगों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। श्री दूधेश्वर मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग ने कहा कि यह पर्व भक्ति और आस्था के साथ-साथ समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी देता है।
श्रृंगार और आगामी कार्यक्रम
श्री दूधेश्वर श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल व उनकी टीम ने भगवान गणेश का भव्य श्रृंगार किया। मंदिर के मीडिया प्रभारी एस.आर. सुथार ने बताया कि 29 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक पंचोपचार पूजन, पंचामृत अभिषेक और सहस्रार्चन होगा।
28 अगस्त को श्री राधा वल्लभ संकीर्तन मंडल द्वारा भजन संध्या और 29 अगस्त को बंसल आर्ट ग्रुप मेरठ द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
30 अगस्त को शोभायात्रा के बाद श्री दूधेश्वर घाट (छोटा हरिद्वार, मुरादनगर) पर गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
चार दिवसीय यह महोत्सव गाजियाबाद के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन में एक विशेष पहचान बना चुका है, जहां श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलता है।



