Ghaziabad

श्रीराम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग, हनुमान मंदिर में किया सामूहिक पाठ व प्रार्थना

गाजियाबाद। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से “सद्बुद्धि पदयात्रा” का आयोजन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर आयोजित इस पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।

पदयात्रा का शुभारंभ जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय से हुआ। जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा और महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव के नेतृत्व में निकली यात्रा दुर्गा भाभी चौक, नवयुग मार्केट, चौपला बाजार, घंटाघर होते हुए गुड़ मंडी स्थित हनुमान मंदिर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

यात्रा के दौरान हुई वर्षा को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद बताते हुए पूरे उत्साह के साथ पदयात्रा जारी रखी। कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के जयघोष लगाए और धार्मिक आस्था के साथ यात्रा में भाग लिया।

हनुमान मंदिर पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा आरती की। इसके उपरांत प्रभु श्रीराम और भगवान हनुमान से प्रार्थना की गई कि यदि श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो सत्य सामने आए, दोषियों को सद्बुद्धि प्राप्त हो और उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई हो, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था अक्षुण्ण बनी रहे।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और उससे जुड़े किसी भी प्रकार के वित्तीय अनियमितता के आरोप अत्यंत गंभीर विषय हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी धार्मिक आस्था के सम्मान और सार्वजनिक संस्थाओं में पारदर्शिता की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि देश की आस्था से जुड़े किसी भी संस्थान की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पदयात्रा में पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पुष्प रावत, शशि भूषण शर्मा, पंकज तंजानिया, सुरेंद्र शर्मा, हाजी खुर्शीद अली, अश्वनी त्यागी, सुशील शर्मा, रूबी मलिक, सीमा, हरेंद्र बाबा, राजू शर्मा, अमित शर्मा, विकास त्यागी, हरपाल सिंह, कंचन वर्मा, रवि सूर्य, यश कौशिक, बाबूराम शर्मा, राजकुमार शर्मा, इरफान, अनवर कुरैशी, आबिद अली, श्याम पोरवाल, पन्नालाल शर्मा, राजीव शर्मा, जगतार सिंह भट्टी, अब्दुल कादिर, हाफिज सलमानी, शिवानी चौधरी, विनोद त्रिपाठी, रियाज सैफी, अजय शर्मा, अनु मलिक, रिजवान मलिक, आशुतोष गुप्ता सहित जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(संपादकीय टिप्पणी: इस समाचार में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं का उल्लेख कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके ज्ञापन के आधार पर किया गया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित प्राधिकरण अथवा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की प्रतिक्रिया इस समाचार के प्रकाशन तक प्राप्त नहीं हो सकी है।)

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button