वीवीआईपी सोसायटी मंदिर में धूमधाम से मनाई गई कान्हा की छठी, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण से गूंजा वातावरण

गाज़ियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी सोसायटी मंदिर में गुरुवार को कान्हा की छठी उत्साह और भक्ति के साथ मनाई गई। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद छठी का यह पर्व सोसायटीवासियों ने सामूहिक रूप से गीत, नृत्य और भजन-कीर्तन कर उल्लासपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगल गीत और भजनों से हुई। महिला मंडली ने पारंपरिक छठी गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर में प्रसाद के रूप में कढ़ी-चावल का वितरण किया गया, जिसे सभी ने मिलकर ग्रहण किया।
इस अवसर पर एओए मेंबर योगेश त्यागी, मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश जैन, शशिकांत त्यागी, गौरव गर्ग, मोहित जिंदल, सौरभ शर्मा, विभोर मित्तल, सौरभ अग्रवाल, कमल गोयल, दीपा त्यागी, प्रीति त्यागी सहित बड़ी संख्या में सोसायटी के लोग उपस्थित रहे।
समाज में आपसी सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने वाले इस आयोजन ने सोसायटीवासियों को एकता और भक्ति के सूत्र में बांध दिया।



