Ghaziabad

विजय नगर को मिली बड़ी सौगात, 17 करोड़ की योजना से 10 वार्डों में पहुंचेगा गंगाजल

गाज़ियाबाद : विजय नगर ज़ोन में लंबे समय से चली आ रही जलापूर्ति की समस्या अब खत्म होने जा रही है। मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने 17 करोड़ रुपये की लागत से 10 MLD गंगाजल आपूर्ति पाइपलाइन बिछाने के कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इस योजना से विजय नगर ज़ोन के 10 वार्डों (3,14,15,23,25,26,48,51,55,58) को गंगाजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

इस पाइपलाइन में 200 से 500 एमएम की टाटा कंपनी की लाइन डाली जाएगी, जिसके माध्यम से सेक्टर 11 बी ब्लॉक, सेक्टर 11 गुलाबी टंकी, सेक्टर 12 मिर्जापुर, सेक्टर 9 नगर निगम ऑफिस, सेक्टर 9 सम्राट चौक और रोज़बेल पब्लिक स्कूल के पास स्थित कुल छह टंकियों में गंगाजल भेजा जाएगा। इसके साथ ही छह सीडब्ल्यूआर (CWR) भी बनाए गए हैं, जिनसे सीधा गंगाजल टंकियों तक पहुंचेगा।

महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि विजय नगर क्षेत्र में भूजल स्तर लगातार नीचे जाने से पम्प जल्द खराब हो जाते थे, जिससे जलापूर्ति ठप हो जाती थी और आए दिन जनता परेशान रहती थी। इस कारण न सिर्फ स्थानीय निवासी, बल्कि पार्षद भी नगर निगम को घेरते थे। उन्होंने कहा –
“जब मैंने शपथ ली तो सबसे बड़ी समस्या विजय नगर क्षेत्र की जलापूर्ति ही थी। पम्प लगवाने से अस्थायी समाधान होता था, लेकिन स्थायी राहत के लिए गंगाजल पाइपलाइन ही सही विकल्प था। आज यह कार्य शुरू हो गया है और छह माह में पूरा हो जाएगा।”

महापौर ने लोगों से अपील की कि यह गंगाजल आपूर्ति काफी प्रयास और तपस्या के बाद मिली है, इसलिए इसे व्यर्थ न करें और जल का सदुपयोग करें।

इस अवसर पर नगर निगम के जी.एम. जल के.पी. आनंद, सहायक अभियंता शेषमणि यादव, अवर अभियंता मयंक मिश्रा, जल निगम के अधिशासी अभियंता ब्रह्मानंद और अधिशासी अभियंता सीएनडीएस सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इस योजना के पूरा होने के बाद विजय नगर क्षेत्र के 10 वार्डों के हजारों परिवारों को गंगाजल की नियमित आपूर्ति मिलेगी और वर्षों से चली आ रही जल संकट की समस्या से निजात मिलेगी।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button