लोनी से लापता डेयरी संचालक ओमकार का शव 15 दिन बाद मथुरा की गंग नहर से बरामद

- परिजनों ने फोटो से की शिनाख्त, न्याय की मांग को लेकर प्रस्तावित महापंचायत फिलहाल स्थगित
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र से करीब 15 दिन पूर्व लापता हुए डेयरी संचालक ओमकार का शव रविवार को मथुरा जनपद के मांट क्षेत्र स्थित गंग नहर से बरामद किया गया। शव की पहचान परिजनों ने फोटो के आधार पर की। शव मिलने की पुष्टि के बाद न्याय की मांग को लेकर रविवार को प्रस्तावित महापंचायत को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार लोनी के गनौली गांव निवासी 44 वर्षीय डेयरी संचालक ओमकार 29 मई की सुबह करीब 6:30 बजे घर से बाहर निकले थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन पर गोली चलाई गई और बाद में उन्हें वाहन में डालकर मौके से ले जाया गया।
मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहित से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली थी कि हत्या के बाद शव को मेरठ क्षेत्र में पूठखास पुल के पास गंग नहर में फेंक दिया गया था।


इसके बाद पुलिस ने शव की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया। एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों तथा गाजियाबाद पुलिस की 14 से अधिक टीमें मेरठ से बुलंदशहर तक नहर के विभिन्न स्थानों पर लगातार तलाश में जुटी रहीं।
पुलिस के अनुसार नहर में तेज जल प्रवाह के कारण शव काफी दूरी तक बह गया और अंततः लगभग 150 किलोमीटर दूर मथुरा जनपद के मांट क्षेत्र में बरामद किया गया। सूचना मिलने के बाद परिजनों ने फोटो के माध्यम से शव की पहचान की पुष्टि की।
शव बरामद होने की सूचना के बाद क्षेत्र में प्रस्तावित महापंचायत को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया। परिजनों और ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच प्रक्रिया जारी है।



