गाजियाबाद में धूमधाम से मनाया गया हिन्दू साम्राज्य दिवस, छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 351वें वर्ष पर हुआ भव्य आयोजन

✍️ लोकल पोस्ट संवाददाता | गाज़ियाबाद
गाजियाबाद | 8 जून 2025 (रविवार) :
गाजियाबाद के बलिदान पथ – नवयुग मार्केट, में रविवार को हिन्दू साम्राज्य दिवस उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। यह आयोजन छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 351वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भारत माता सांस्कृतिक संस्थान के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्वितीय योगदान को स्मरण करना, उनकी वीरता, संगठन कौशल और राष्ट्रनिर्माण के प्रति उनके समर्पण को जन-जन तक पहुंचाना था।
प्रमुख अतिथि और वक्ता
इस ऐतिहासिक अवसर पर मेवाड़ राजघराने के 77वें उत्तराधिकारी महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़ एवं महारानी महिमा कुमारी मेवाड़ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राहुल सिंह , निदेशक – गर्व एग्रो इंडस्ट्रीज प्रा. लि., गाज़ियाबाद ने की। वहीं कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे विष्णु शंकर जैन, अधिवक्ता – उच्चतम न्यायालय, जिन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के राष्ट्रवाद और हिन्दवी स्वराज्य के मूल विचारों पर विचार रखे।
इस समारोह में भारतीय जनता पार्टी नंदग्राम मंडल के मंडल उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने शिवाजी महाराज के राष्ट्रनायक स्वरूप को लेकर अपने विचार साझा किए।
उत्सव की विशेषताएं
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, स्थानीय नागरिक, युवावर्ग, समाजसेवी संगठनों और महिलाओं की भागीदारी रही। आयोजन स्थल पर छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्रों और जीवनगाथा को प्रदर्शित करती गई झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत, शौर्य नृत्य, और ध्वज वंदन के साथ माहौल पूरी तरह राष्ट्रभाव से ओतप्रोत रहा।
संस्था के आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन किसी एक धर्म या वर्ग का नहीं, बल्कि भारतीय आत्मसम्मान, गौरव और संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक है। शिवाजी महाराज की गाथा हर भारतीय के लिए प्रेरणा है, और उनका राज्याभिषेक दिवस हिन्दू स्वराज्य की नींव के रूप में आज भी प्रासंगिक है।


