राजनगर एक्सटेंशन में अतिक्रमण पर प्राधिकरण की बड़ी कार्यवाही, दो अवैध शराब की दुकानें सील

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में शनिवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की। प्रवर्तन जोन 1 की टीम ने प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल के सहयोग से यह अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथ और सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और दो अवैध शराब की दुकानों को सील कर दिया गया।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के दिशा-निर्देशों पर प्रवर्तन टीम ने जूडियो शोरूम और वीवीआईपी मॉल के पास फुटपाथ एवं सड़क के हिस्से पर किए गए निर्माण को हटाया। इन जगहों पर अवैध रूप से पार्किंग चलाई जा रही थी, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। इसके साथ ही 24, 30 और 40 मीटर चौड़ी सड़कों पर पटरी पर बनी अस्थायी दुकानों को भी हटाया गया।
राजनगर रेजीडेंसी के सामने एंगल के सहारे बनाए गए रेस्टोरेंट व दुकानों के अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। इसी लाइन में स्थित एक शराब की दुकान को सील किया गया। वहीं 45 मीटर चौड़ी रोड पर अशोक चौधरी द्वारा एंगल और गर्डर के सहारे करीब 400 वर्ग मीटर में संचालित शराब की दुकान को भी पुलिस की मौजूदगी में सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। मौके पर थाना पुलिस, प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम और अन्य स्टाफ बड़ी संख्या में मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और लोगों से अपील की गई है कि वे अपने अवैध निर्माणों को स्वयं हटा लें, अन्यथा प्राधिकरण सख्त कार्रवाई करेगा।



