यूनिनव हाइट्स सोसाइटी में 51 दिवसीय योग चैलेंज का शुभारंभ, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

गाजियाबाद: फिट इंडिया अभियान से प्रेरित होकर और आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से यूनिनव हाइट्स सोसाइटी में 51 दिवसीय योग चैलेंज की शुरुआत की गई। इस पहल का आयोजन यूनिनव योगा ग्रुप द्वारा किया गया, जिसमें सोसाइटी के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के पहले दिन “योग जरूरी है” विषय पर ड्रॉइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से योग के महत्व को चित्रों में उकेरा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों बुद्धराम यादव, संजीव तेवतिया और नितिन जैन ने बताया कि यह योग चैलेंज आगामी 51 दिनों तक निरंतर चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना और योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना है।
कार्यक्रम का समापन 20 जून को किया जाएगा, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन कर प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
सोसाइटी के महासचिव अमित सिलावट ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि समाज में सामूहिकता और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होता है।
निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

