मोबाइल विवाद में सेल्समैन ने की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गाजियाबाद। थाना नंदग्राम क्षेत्र में सोमवार, 6 अक्टूबर 2025 को मोबाइल खो जाने को लेकर हुए विवाद में हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंदग्राम पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान चन्द्रपाल उर्फ बनवारी, निवासी नूरनगर के रूप में हुई है। आरोप है कि ठेके के सेल्समैन राधेश्याम (आयु लगभग 35 वर्ष), निवासी कानपुर नगर के साथ मोबाइल गुम हो जाने को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एक भारी वस्तु से चन्द्रपाल पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवारजनों से तहरीर प्राप्त कर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी राधेश्याम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



