महागुन पुरम सोसाइटी में सनसनी: 13वीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान, फ्लैट में मां का दो दिन पुराना शव मिला

गाजियाबाद (कविनगर): कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुन पुरम सोसाइटी में सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक ओर 42 वर्षीय व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली, वहीं उसके फ्लैट के अंदर उसकी 70 वर्षीय मां का दो दिन पुराना शव मिलने से मामला रहस्यमय बन गया है।
पुलिस के अनुसार डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि विनायक टावर की 13वीं मंजिल से एक व्यक्ति कूद गया है। सूचना मिलते ही थाना कविनगर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल पास के निजी मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मृतक की पहचान राजवीर (42 वर्ष) पुत्र महेन्द्र सिंह के रूप में हुई है, जो अपनी मां सतनाम कौर (70 वर्ष) के साथ फ्लैट में रह रहा था। पुलिस जब फ्लैट के अंदर पहुंची तो वहां बेड पर सतनाम कौर का शव पड़ा मिला, जो प्रारंभिक तौर पर करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजवीर पहले ज्योतिष से संबंधित कार्य करता था, लेकिन उसमें सफलता नहीं मिलने के कारण वह इन दिनों बेरोजगार था। बताया जा रहा है कि हाल ही में वह पॉडकास्ट रिकॉर्डिंग का काम कर रहा था।


घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं, आखिर किन परिस्थितियों में मां की मौत हुई और उसके बाद बेटे ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


