भीषण गर्मी के बीच परिषदीय विद्यालयों का समय बदलने की मांग, शिक्षक संघ ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन

- सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक स्कूल संचालित करने का किया अनुरोध
गाजियाबाद। जनपद में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षक संघ ने परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन की मांग उठाई है। इस संबंध में शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को सौंपते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य हित में विद्यालयों का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित करने की मांग की।
शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अनुज त्यागी ने बताया कि गाजियाबाद सहित पूरे क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे मौसम में छोटे बच्चों का दोपहर तक विद्यालय में रहना न केवल कठिन है, बल्कि उनके स्वास्थ्य के लिए भी जोखिमपूर्ण साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में परिषदीय विद्यालयों का समय प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित है। दोपहर के समय तापमान अत्यधिक बढ़ जाने के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक तथा गर्मी से संबंधित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की आशंका बनी रहती है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों का समय तत्काल प्रभाव से प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाए, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से बचाया जा सके।
शिक्षक संघ का कहना है कि विद्यालय समय में यह परिवर्तन विद्यार्थियों के हित में एक व्यावहारिक कदम होगा और इससे अध्ययन-अध्यापन की प्रक्रिया भी प्रभावित नहीं होगी।
इस अवसर पर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, ब्लॉक अध्यक्ष भोजपुर पुष्पेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मुरादनगर अमित यादव, उपाध्यक्ष अमित कुमार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अब इस मांग पर जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लिए जाने वाले निर्णय पर शिक्षकों और अभिभावकों की नजर बनी हुई है।



