भाजपा महानगर मंत्री संजीव चौधरी पर मोरटा गांव में जानलेवा हमला, तीन बिल्डरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

भाजपा नेता संजीव चौधरी पर की गई फायरिंग गाड़ी पर गोली के निशान
ग़ाज़ियाबाद : मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के मोरटा गांव में रविवार रात एक बड़ी घटना सामने आई, जब भाजपा के महानगर मंत्री संजीव चौधरी पर जानलेवा हमला किया गया। घटना भाजपा पार्षद अजय चौधरी के कार्यालय पर हुई, जहां संजीव चौधरी पर गोलियां चलाई गईं।
संजीव चौधरी, जो दुहाई गांव के निवासी हैं, ने बताया कि 7 सितंबर की रात करीब नौ बजे वह अपने परिचित अजय चौधरी के दफ्तर पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद तीन लोग संदीप यादव, सौरभ गुप्ता और निकुंज त्यागी, उनसे रंजिश के चलते भिड़ गए। आरोप है कि पहले तो गाली-गलौज हुई और इसके बाद हत्या की नीयत से गोलियां चला दी गईं। संजीव चौधरी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने उनकी कार पर भी गोलियां चलाईं।
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि मामला जमीन की खरीद-फरोख्त में कमीशन विवाद से जुड़ा है। संजीव चौधरी ने एक किसान की जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया था, लेकिन बाद में किसान ने सीधे बिल्डरों से सौदा कर लिया। इसी कमीशन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि चौधरी की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
इस वारदात ने न केवल राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है, बल्कि इलाके के निवासियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



