बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के विरोध में विहिप–बजरंग दल का प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया रोष

गाजियाबाद।
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, गाजियाबाद के कार्यकर्ताओं ने रविवार को बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही लगातार हिंसा और हिंदू श्रमिक दीपू चंद्र दास की बर्बरतापूर्ण हत्या के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बांग्लादेश सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर आक्रोश जताया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पश्चिम उत्तर प्रदेश के विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर ने कहा कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद हिंदू समाज पर जिहादी हिंसा का सिलसिला लगातार तेज हुआ है। मंदिरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, महिलाओं और पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग हर सप्ताह ऐसी वीभत्स घटनाएं सामने आ रही हैं, जो मानवता को झकझोर देने वाली हैं।
उन्होंने हाल ही में मेमन सिंह जिले के भालुका क्षेत्र में हिंदू श्रमिक दीपू दास की नृशंस हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि ईशनिंदा का झूठा आरोप लगाकर जिहादी भीड़ ने उन्हें पीट-पीटकर मार डाला, फिर शव को पेड़ से लटकाकर जला दिया गया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। यह सब पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में हुआ, लेकिन किसी प्रकार की रोकथाम नहीं की गई। उन्होंने इसे न केवल बांग्लादेश का आंतरिक मामला, बल्कि मानवता के विरुद्ध गंभीर अपराध बताया।
विहिप गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष आलोक गर्ग ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा और वहां के प्रशासन की निष्क्रियता अत्यंत निंदनीय है। यह मौन अपराधियों को खुला समर्थन देने जैसा है। उन्होंने मांग की कि बांग्लादेश सरकार तुरंत दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे और अल्पसंख्यकों के लिए भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करे।
विहिप की ओर से भारत सरकार से भी कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाने की मांग की गई, ताकि वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय और मानवाधिकार संगठनों से भी इस मुद्दे पर मौन तोड़ने का आह्वान किया गया।
विहिप की प्रमुख मांगें:
- बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा पर तत्काल रोक लगे।
- दोषियों की पहचान कर त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
- अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी तंत्र लागू किया जाए।
- अंतरराष्ट्रीय समुदाय मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।
प्रदर्शन में विहिप गाजियाबाद विभाग संगठन मंत्री साहिल वालिया, महानगर अध्यक्ष आलोक गर्ग, सुभाष बजरंगी, राजू छाबड़ा, अश्वनी शर्मा, प्रबल गुप्ता, लोकेश जैन, नवीन गौतम, मुदित शर्मा, डॉ. सुरेंद्र गुप्ता, पंकज, संजीव बरनवाल, अमित, अतुल, निखिल, मनीष, बबलू, चंद्रबली सहित सैकड़ों की संख्या में हिंदू संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।


