Ghaziabad

बर्थडे पार्टी के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपी पुलिस हिरासत में ; परिजनों ने रंजिश में सुनियोजित हत्या का लगाया आरोप, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के न्यू शांतिनगर में मंगलवार देर रात एक युवक की कथित रूप से चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहित शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुराने विवाद के बाद बर्थडे पार्टी के दौरान हुए झगड़े की बात सामने आई है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात डायल-112 पर सूचना मिली कि न्यू शांतिनगर क्षेत्र में कुछ लोगों ने मोहित शर्मा पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मोहित को तत्काल उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का कुछ युवकों के साथ पहले भी विवाद हुआ था। मंगलवार रात सभी एक पार्टी में शामिल थे, जहां कथित रूप से नशे की हालत में कहासुनी और गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान मोहित पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने इसे पूर्व नियोजित हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि करीब 20 दिन पहले मोहित का कुछ युवकों से विवाद हुआ था, हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। उनका आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी रंजिश रखते थे और कथित रूप से खाटू श्याम तथा हरिद्वार यात्रा के दौरान भी मोहित की हत्या की योजना बनाई गई थी, जो सफल नहीं हो सकी।

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार रात मोहित को जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया गया, जहां देर रात करीब ढाई बजे उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि वारदात की परिस्थितियों और वास्तविक घटनाक्रम का स्पष्ट पता लगाया जा सके.

पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और घटना की पूरी साजिश के संबंध में अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button