पूर्व जिलाधिकारी ब्रजेश नारायण सिंह को क्षेत्रवासियों ने दी भावभीनी शुभकामनाएं, सेवा भावना और विकास दृष्टि के लिए किया सम्मानित

नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए आईएएस ब्रजेश नारायण सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए गौतम बुद्ध नगर के गणमान्य नागरिकों ने सम्मानित किया। इस अवसर पर सौहरखा हरित उपवन में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि ब्रजेश नारायण सिंह का कार्यकाल समर्पण, ईमानदारी और दूरदर्शिता का उदाहरण रहा है। उनके नेतृत्व में नोएडा और गौतम बुद्ध नगर जिले ने विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ, चाहे बात प्रशासनिक पारदर्शिता की हो, बुनियादी ढांचे के विस्तार की या जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की। उन्होंने जिस लगन और संवेदनशीलता से कार्य किया, उसने क्षेत्र की छवि को न केवल राज्य स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सुदृढ़ किया।
लोगों ने कहा कि उनकी सेवा भावना और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। यह सम्मान समारोह उनके प्रति जनता के स्नेह और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति था।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से इंद्र सिंह यादव, नब्बू यादव, विक्रांत तोंगड़, डॉ. रंजन तोमर, अनिल भाटी, डॉ. राहुल वर्मा, पहलवान बबीता नगर, पूर्व खेल अधिकारी अनीता नगर, सीताराम यादव, इंद्रजीत पहलवान, डीपी चौहान, मनोज चौहान, उदल आर्य, जयवीर प्रधान, अनूप राज सिंह, हरेंद्र प्रधान, सुंदर यादव, अजय यादव, पूर्व प्रधानाचार्य जयपाल यादव, देवदत्त शर्मा, गिरीश राघव, गरिमा त्रिपाठी, परिवर्तन, जय यादव, रामवीर तंवर, राजेश पहलवान, जतन पहलवान, एम.पी. यादव, बब्लू शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में कहा कि ब्रजेश नारायण सिंह ने अपने कार्यकाल में जिस कुशलता, नैतिकता और जनसंपर्क की भावना से जिले की सेवा की, वह हमेशा याद रखी जाएगी।