पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, साथी फाउंडेशन और रेडीको खेतान की पहल

ग़ाज़ियाबाद। ब्लॉक मुरादनगर स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय, बसंतपुर सैतली में शुक्रवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम साथी फाउंडेशन एवं रेडीको खेतान के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ, जिसका उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह जागृत करना और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना था।
वर्ष 2024-25 की वार्षिक परीक्षाओं में प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री ओ.पी. यादव रहे। उन्होंने मंच से बच्चों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
इस अवसर पर साथी फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती काजल छिब्बर ने विद्यालय में शिक्षा संसाधनों को मजबूत करने के उद्देश्य से दो ब्लैक बोर्ड स्टैंड विद्यालय को भेंट किए। साथ ही सभी विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी कराई गई।
समारोह में जिला व्यायाम शिक्षक श्री राजकुमार की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती अलका परिहार ने सभी अतिथियों और साथी फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “इस प्रकार के सहयोग से न केवल विद्यालय का शैक्षिक वातावरण बेहतर होता है बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी जागृत होती है।”
अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया और साथी फाउंडेशन व रेडीको खेतान की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में श्रीमती रमा, नीलम, मोनिका सिंह, सरिता, संजय, अन्नू, अनित यादव, शिखा, नीतू शर्मा और रेनू सहित कई लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन इस बात का उदाहरण है कि जब शिक्षा विभाग, सामाजिक संस्थाएँ और विद्यालय मिलकर काम करते हैं तो शिक्षा का स्तर नई बुलंदियों तक पहुँचता है।



