पश्चिमांचल के 14 जिलों में आरडीएसएस योजना के तहत स्मार्ट मीटर स्थापना तेज, समय पर रिचार्ज न करने पर कट सकती है बिजली
मेरठ, 20 जनवरी 2026। केंद्र सरकार की आरडीएसएस (Revamped Distribution Sector Scheme) योजना के तहत पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के अंतर्गत आने वाले 14 जनपदों में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य तेजी से जारी है। निगम के अनुसार अब तक 11.32 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 9.11 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के मीटर प्री-पेड मोड में सफलतापूर्वक परिवर्तित किए जा चुके हैं।
निगम के अंतर्गत जिन जिलों में यह कार्य किया जा रहा है, उनमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बुलन्दशहर, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, सम्भल, रामपुर और अमरोहा शामिल हैं।
48 हजार से अधिक चेक मीटर भी लगाए गए
स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था की विश्वसनीयता और सटीकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगम द्वारा अब तक 48,434 चेक मीटर भी स्थापित किए गए हैं।
कुछ उपभोक्ताओं का प्री-पेड बैलेंस निगेटिव, सेवा बाधित होने की आशंका
निगम ने बताया कि प्री-पेड मोड में परिवर्तित किए जा रहे कुछ उपभोक्ताओं द्वारा नियमित रूप से रिचार्ज न कराने के कारण उनका प्री-पेड अकाउंट बैलेंस निगेटिव प्रदर्शित हो रहा है। प्री-पेड प्रणाली में संचालित होने के कारण ऐसे उपभोक्ताओं का विद्युत संयोजन विच्छेदित (बिजली कटने) की संभावना बनी हुई है, जो उपभोक्ता हित में नहीं है।
समय पर रिचार्ज कराने की अपील
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने प्री-पेड स्मार्ट मीटर का समय पर रिचार्ज अवश्य कराएं, ताकि बिजली आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।
मोबाइल ऐप और डिजिटल माध्यमों से कर सकते हैं रिचार्ज
निगम के अनुसार उपभोक्ता Google Play Store/iOS Store से UPPCL Smart App डाउनलोड कर स्मार्ट मीटर का रिचार्ज आसानी से कर सकते हैं। ऐप डाउनलोड करने पर उपभोक्ताओं को मासिक, दैनिक और प्रति घंटे की बिजली खपत की जानकारी भी उपलब्ध होगी।
इसके अतिरिक्त उपभोक्ता निम्न माध्यमों से भी रिचार्ज कर सकते हैं—
- विभागीय कैश काउंटर
- CSC केंद्र
- Fintech कैश काउंटर
- PVVNL वेबसाइट
- UPPCL वेबसाइट
- बैंक व अन्य डिजिटल माध्यम
- अधिकृत रिटेल आउटलेट
निगम ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे स्मार्ट मीटरिंग के सफल क्रियान्वयन में सहयोग दें और समय से रिचार्ज कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें।


