बच्ची की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध हथियार बरामद
गाजियाबाद (नन्दग्राम) : थाना नन्दग्राम क्षेत्र में बालिका की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी गौरव प्रजापति पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 18 मार्च 2026 को थाना नन्दग्राम में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 129/26 के तहत आरोपी गौरव प्रजापति (पुत्र लिखीराम, निवासी नूरनगर) से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बच्ची की हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वारदात के बाद उसने अपने खून से सने हाथ एक रुमाल से साफ किए और उसे घटनास्थल के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी के लिए पुलिस टीम उसे घटनास्थल पर लेकर गई। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे गए अवैध हथियार से पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई।
मौके से आरोपी के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल गाजियाबाद भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस का बयान:
सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम श्री जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


