Ghaziabad

द्वितीय शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप के ऑफिशियल लोगो का भव्य अनावरण, फरवरी 2026 में नई दिल्ली में होगा आयोजन

गाजियाबाद।
शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा रविवार को द्वितीय शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप के आधिकारिक लोगो का भव्य अनावरण कार्यक्रम राजनगर एक्सटेंशन स्थित सोहन रेस्टोरेंट एंड पार्टी हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खेल जगत से जुड़े कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारी, खिलाड़ी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय पूर्व सांसद एवं अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके साथ एशियाई शूटिंग बॉल फेडरेशन के महासचिव रविंद्र तोमर, शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अंजुल अग्रवाल, महासचिव जीत राज तोमर, एशियन शूटिंग बॉल फेडरेशन के कोषाध्यक्ष जयप्रकाश कदीयान, कार्यकारी सदस्य डॉ. ओ.पी. माचरा, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी, शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के चेयरमैन अजय पाल प्रमुख, समाजसेवी अमरजीत सिंह बिड्डी, जिला शूटिंग बॉल संघ मेरठ के अध्यक्ष अंकित चौधरी, जिला शूटिंग बॉल संघ गौतम बुद्ध नगर के महासचिव मोनू कुमार तथा भारतीय शूटिंग बॉल टीम के कप्तान सुरेश बिश्नोई विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जीत राज तोमर ने बताया कि द्वितीय शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप का आयोजन 1 से 3 फरवरी 2026 तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगभग 12 देशों के पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत में शूटिंग बॉल खेल को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

मुख्य अतिथि डॉ. अनिल अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शूटिंग बॉल जैसे पारंपरिक और रोमांचक खेल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से स्थापित करने के लिए ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत खेलों के क्षेत्र में तेजी से वैश्विक पहचान बना रहा है।

कार्यक्रम के दौरान लोगो अनावरण के साथ ही वर्ल्ड कप को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। उपस्थित अतिथियों ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button