दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: तीन की मौत, एक गंभीर


गाजियाबाद: विजयनगर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार घटना आईपीईएम कॉलेज के पास एक्सप्रेसवे के एग्जिट प्वाइंट के निकट हुई। बताया जा रहा है कि एक थार गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। गाड़ी में सवार दो युवक नीचे उतरकर एक बाइक सवार से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक ट्रैवलर बस ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक थार सवार और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान एक और व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि हुई, जिससे मृतकों की संख्या तीन हो गई।


घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण प्रतीत हो रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।



