दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी को तेज़ रफ्तार कार ने मारी टक्कर, आरोपी गिरफ्तार

ग़ाज़ियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। थाना विजयनगर क्षेत्र के एग्जिट प्वाइंट पर ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल विपिन को एक तेज़ रफ्तार अर्टिका कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिसकर्मी विपिन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि ड्यूटी पर खड़े सिपाही को कार ने टक्कर मारी और बिना रुके चालक कार लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से कार और चालक की पहचान की। देर रात दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि ड्यूटी के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएँ ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ रोकी जा सकें।



