Ghaziabad

जिला कारागार गाजियाबाद का संयुक्त निरीक्षण, हर्बल वाटिका का उद्घाटन; ‘ईट राइट कैंपस’ को FSSAI की 5-स्टार रेटिंग

गाजियाबाद।
जिला कारागार गाजियाबाद में बुधवार को माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद सिंह रावत, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद केशव कुमार चौधरी तथा माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ऐश्वर्य प्रताप सिंह द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कारागार में व्यवस्थाओं की समीक्षा, बंदियों के कल्याण कार्यक्रमों का आकलन और सुधारात्मक निर्देश देना रहा।

निरीक्षण के दौरान कारागार चिकित्सालय परिसर में औषधीय पौधों का रोपण कर ‘हर्बल वाटिका’ का उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति और मामलों से संबंधित जानकारी ली गई। अधिकारियों ने उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

दल ने कारागार स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया, जहां पुस्तकालय की साज-सज्जा और पुस्तकों के सुव्यवस्थित रख-रखाव की सराहना की गई। पाकशाला के निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को संतोषजनक बताया गया।

कारागार में चल रहे कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों ने बंदियों द्वारा तैयार की जा रही एम्ब्रॉयडरी, पेंटिंग, पोर्ट्रेट सहित अन्य कलाकृतियों की प्रशंसा की। म्यूजिक क्लास में भजन मंडली की प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। बैरकों में जाकर बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में संवाद किया गया और त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

महिला अहाते में निरुद्ध महिलाओं और उनके साथ रह रहे बच्चों से खान-पान, चिकित्सा, मनोरंजन और विधिक सहायता से जुड़ी सुविधाओं पर जानकारी ली गई। अधिकारियों ने इन व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा जिला कारागार गाजियाबाद को ‘ईट राइट कैंपस’ का 5-स्टार ‘EXEMPLARY’ रेटिंग सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। यह प्रमाणपत्र माननीय जिला जज द्वारा जिलाधिकारी, एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा को सौंपा गया।

निरीक्षण के समय जेलर के.के. दीक्षित, डिप्टी जेलर बृजेश नारायण पाण्डेय, अरविन्द चौहान, शिवानी यादव, विजयलक्ष्मी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button