गौर कैस्केड्स में बदलाव की आंधी: टीम संकल्प का क्लीन स्वीप, नवोदय पूरी तरह साफ

गाजियाबाद: राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौर कैस्केड्स सोसायटी के एओए चुनाव 2026-27 में इस बार परिणामों ने स्पष्ट संकेत दिया कि निवासी बदलाव के पक्ष में थे। लंबे समय से चल रही असंतोष की चर्चा आखिरकार मतदान में दिखाई दी और टीम संकल्प ने सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए क्लीन स्वीप कर लिया, जबकि सत्तारूढ़ नवोदय टीम पूरी तरह चुनाव हार गई।
मतदान में दिखा बदलाव का मूड
रविवार को हुए मतदान में बड़ी संख्या में निवासियों ने हिस्सा लिया। चुनाव से पहले ही सोसाइटी में मेंटेनेंस, पारदर्शिता और निर्णय प्रक्रिया को लेकर असंतोष की चर्चा तेज थी। मतदान के दिन यह नाराजगी वोट के रूप में सामने आई, जिसने परिणामों की दिशा तय कर दी।
टीम संकल्प की शानदार जीत
टीम संकल्प के सभी उम्मीदवारों, अशोक कुमार नरवाल, अनुज कुमार राठी, विनोद तेजवानी, ऋषि विज, संजीव कुमार मलिक, अमित त्रेहान, वंदना शर्मा, विवेक कुमार कौशिक, निधि शर्मा और मोहित राठी – ने जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही टीम ने एओए की पूरी कमान अपने हाथ में ले ली।
चुनाव परिणाम के बाद टीम संकल्प के सदस्यों ने इसे “निवासियों के विश्वास की जीत” बताया और सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
चुनाव से पहले का माहौल रहा तनावपूर्ण
गौर कैस्केड्स में चुनावी प्रक्रिया के दौरान माहौल काफी गर्म रहा। दोनों गुटों – नवोदय और संकल्प-के समर्थकों के बीच सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप्स पर आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहसें देखने को मिलीं। कई मौकों पर ‘मड स्लेजिंग’ तक की स्थिति बनी, जिससे सोसाइटी का माहौल प्रभावित हुआ।
इससे पहले भी राजनगर एक्सटेंशन की अन्य सोसाइटीज में एओए को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं, जिससे यह चुनाव और अधिक संवेदनशील माना जा रहा था।

निवासियों का स्पष्ट संदेश
चुनाव परिणाम को निवासियों के एक स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि वे अब बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और जवाबदेही चाहते हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब नई टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती वादों को जमीन पर उतारने और सोसाइटी में स्थिरता व सामंजस्य स्थापित करने की होगी।

नई टीम के सामने बड़ी जिम्मेदारी
विशेषज्ञों का मानना है कि क्लीन स्वीप के बाद टीम संकल्प के पास मजबूत जनादेश है, लेकिन इसके साथ ही अपेक्षाएं भी उतनी ही बड़ी हैं।
अब यह देखना होगा कि नई एओए टीम चुनावी वादों, बेहतर मेंटेनेंस, पारदर्शी कार्यप्रणाली और सुविधाओं के विस्तार – को कितनी प्रभावी तरीके से लागू कर पाती है।
फिलहाल, गौर कैस्केड्स में चुनावी सरगर्मी के बाद अब सबकी नजर नई टीम के कामकाज पर है, जो आने वाले समय में सोसाइटी की दिशा और दशा तय करेगा।


