गुरुकुल द स्कूल में गूँजे आत्मिक शांति के स्वर, ब्रह्माकुमारी रेणु ने दिखाई राजयोग साधना की राह

गाज़ियाबाद: गुरुकुल द स्कूल के सभागार में एक विशेष आध्यात्मिक एवं शैक्षिक सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहन रेणु ने “आत्मिक शांति एवं बाहरी तनाव के बीच संतुलन कैसे कायम करें” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। बहन रेणु ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में सबसे बड़ी चुनौती है मानसिक संतुलन बनाए रखना। उन्होंने राजयोग साधना को जीवन का आधार बनाते हुए कहा कि इसके माध्यम से मनुष्य न केवल आत्मिक शांति प्राप्त करने के साथ- साथ जीवन में सकारात्मक सोच एवं आत्मबल भी विकसित कर सकता है।


उन्होंने आगे कहा कि शिक्षक और छात्र का संबंध केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह विश्वास, सहयोग और संवेदनशीलता पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को नैतिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि एक शिक्षक का आचरण ही छात्र का भविष्य गढ़ता है। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहन साधना, श्री हिमांशु, डॉ. जूही राजवंशी, डॉ. संगीत राजवंशी, विद्यालय के निदेशक श्री सचिन वत्स, प्रशासनिक निदेशक श्रीमती शिखा वत्स तथा प्रधानाचार्य श्री गौरव बेदी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने बहन रेणु के विचारों की सराहना की और उन्हें जीवन में उतारने का संकल्प लिया। सभागार का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से परिपूर्ण रहा।




