गाजियाबाद: “स्वामित्व योजना” के तहत घरौनी वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन

गाजियाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई “स्वामित्व योजना” के तहत ग्रामीण आवासीय अभिलेखों (घरौनी) के वितरण के लिए हिन्दी भवन, लोहिया नगर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, राज्यमंत्री एवं विधायक साहिबाबाद सुनील कुमार शर्मा, ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
“स्वामित्व योजना” के महत्व पर प्रकाश
मुख्य अतिथि सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि स्वामित्व योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी विवादों में कमी आएगी, जिससे सामाजिक तनाव और झगड़े खत्म होंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना के दूरगामी परिणाम होंगे और ग्रामीण जनता को उनकी संपत्तियों के अधिकार सुनिश्चित होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने योजना के फायदे बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को अपने मकानों और जमीनों के दस्तावेज़ प्राप्त होंगे, जिससे ऋण लेना आसान होगा। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों को योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए किसान कम्युनिटी व्हाट्सएप ग्रुप और ग्राम प्रधानों के लिए अलग ग्रुप बनाए जा रहे हैं।
37,000 घरौनियों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान, एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट ने जानकारी दी कि गाजियाबाद में 37,000 घरौनियां वितरित की गईं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल माध्यम से देशभर में 2 करोड़ घरौनियां वितरित कीं और 10 राज्यों व 2 केंद्र शासित प्रदेशों के लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, उड़ीसा, और जम्मू-कश्मीर के लाभार्थियों से सीधे बात की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का योगदान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि उत्तर प्रदेश में 45 लाख 35 हजार घरौनियां वितरित की जा चुकी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
किसानों को घरौनी वितरण
हिन्दी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने दर्जनों किसानों को उनके आवासीय अधिकार प्रमाणपत्र (घरौनी) वितरित किए।
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में एडीएम-ई रणविजय सिंह, एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, अनिल अग्रवाल (पूर्व राज्यसभा सांसद), सत्यपाल प्रधान, राजेंद्र मित्तल, धीरज शर्मा सहित कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया।


