गाजियाबाद: लापरवाह कार चालक ने चार पैदल यात्रियों को रौंदा, तीन की मौत, एक गंभीर

गाजियाबाद शनिवार एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। थाना सिहानी गेट क्षेत्र के राकेश मार्ग, जीटी रोड पर एक तेज रफ्तार कार चालक ने चार पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि उसकी कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
घटना लगभग 5:45 बजे की है। पुलिस को पीआरवी और स्थानीय लोगों के माध्यम से सूचना मिली कि एक चारपहिया वाहन ने अचानक चार पैदल यात्रियों को रौंद दिया है। हादसे में विपिन शर्मा पुत्र किशन पाल शर्मा निवासी श्याम विहार कॉलोनी, श्रीमती कमलेश पत्नी दयानंद, श्रीमती मीनू प्रजापति पत्नी भक्त सिंह प्रजापति और श्रीमती सावित्री देवी पत्नी दरियाब सिंह (तीनों निवासी न्यू कोटगांव) घायल हो गए।



गंभीर रूप से घायल मीनू प्रजापति और सावित्री देवी को अस्पताल पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कमलेश देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। विपिन शर्मा का इलाज फिलहाल जारी है और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के परिवारजनों की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पंचायतनामा की कार्यवाही जारी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना सिहानी गेट पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।



