गाजियाबाद में रोड सेफ्टी बूट कैंप: युवाओं ने लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प, ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ अभियान भी तेज

गाजियाबाद : काइट इंजीनियरिंग कॉलेज, मुरादनगर में मंगलवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष रोड सेफ्टी बूट कैंप आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम त्रिगुना द साइंस ऑफ लिविंग, नई दिल्ली एवं आवास माइक्रो फाइनेंस के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के महत्व, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग तथा सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने युवाओं को सड़क दुर्घटनाओं के कारण और उनके रोकथाम पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि –
“भारत में हर साल बड़ी संख्या में सड़क हादसे केवल यातायात नियमों की अनदेखी से होते हैं। यदि हर नागरिक जिम्मेदारी से वाहन चलाए, तो इन हादसों पर रोक लगाई जा सकती है।”
छात्रों को विशेष रूप से तेज रफ्तार से बचने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने और हमेशा हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता को और प्रभावी बनाने के लिए आयोजकों ने 170 हेलमेट नि:शुल्क वितरित किए।


कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ काइट कॉलेज के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे कैंप सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन बनाने में मददगार साबित होंगे।
इसी क्रम में ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ अभियान को भी तेज किया गया। 1 सितम्बर से चल रहे इस अभियान के अंतर्गत मंगलवार को अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, परिवहन विभाग और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर निरीक्षण किया। पेट्रोल पंप मालिकों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया चालक को पेट्रोल न दिया जाए। नियम तोड़ने पर पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब तक इस अभियान के तहत 13,411 बिना हेलमेट चालकों के चालान किए जा चुके हैं। यातायात पुलिस ने अपील की कि लोग अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनें।



