गाजियाबाद में रिश्तों को कलंकित करने वाला हत्याकांड: पैसे के लालच में चचेरे भाई की निर्मम हत्या

गाजियाबाद। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां पैसे की हवस ने खून के रिश्ते को भी नहीं बख्शा। महज उधार लौटाने से बचने के लिए एक युवक ने अपने ही 14 वर्षीय चचेरे भाई की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवराज उर्फ यश प्रजापति, जो केबिन क्रू के रूप में काम करता है और क्रिप्टो करेंसी में निवेश का शौकीन है, ने अपने चाचा मनबीर से एक माह पहले करीब 3 लाख रुपये उधार लिए थे। यश ने यह रकम BTCAAL.COM नामक प्लेटफॉर्म के जरिए इन्वेस्ट की और भारी मुनाफा भी कमाया। लेकिन जब चाचा ने केवल 50 हजार रुपये वापस मांगे, तो यश ने पैसे लौटाने के बजाय एक रक्तरंजित साजिश रच डाली।

16 सितंबर की रात यश अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई लक्ष्य प्रजापति को फिल्म दिखाने के बहाने घर से ले गया। दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पहले उसने गला दबाकर और फिर ईंटों से कुचलकर लक्ष्य की हत्या कर दी। मासूम का शव वहीं फेंककर यश V3S मॉल पहुंचा और “Infertility Castle” फिल्म देखने बैठ गया, मानो कुछ हुआ ही न हो। इसके बाद वह घर लौटा और परिवार के साथ मिलकर लक्ष्य को खोजने का नाटक करता रहा।
इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर की सूचना से अहम सुराग मिले। इन्हीं के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यश के क्रिप्टो अकाउंट में 47 हजार डॉलर (करीब 39 लाख रुपये) की कमाई पाई गई है।
पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। यह मामला न केवल आर्थिक लालच की भयावह तस्वीर पेश करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि जब रिश्तों में विश्वास की जगह लालच ले लेता है, तो नतीजे कितने खौफनाक हो सकते हैं।



