गाजियाबाद में आभूषण चोरी कांड का खुलासा

गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट पुलिस ने आभूषण चोरी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, ₹63,000 नकद, तीन स्मार्टफोन, दो चाकू और चोरी में इस्तेमाल की गई डिजायर कार बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 17 नवंबर 2025 की है जब अशोक नगर क्षेत्र में एक बंद मकान से आभूषण और नकदी चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस डेटा की मदद से आरोपियों की पहचान की।
टीम को 11 दिसंबर को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य आरडीसी चौक और हर्बल गार्डन क्षेत्र में आने वाले हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर डिजायर कार समेत दो आरोपियों — शिवम और विशाल — को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर दो अन्य साथी, इंद्रपाल और मोला देवी, को भी दबोच लिया गया।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली–एनसीआर में सक्रिय था। आरोपी रात के समय कॉलोनियों में रैकी करते थे और बंद मकानों को निशाना बनाते थे। ताले देखकर अंदाजा लगाते और फिर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि चारों पर पहले से दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 19 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।


