गाजियाबाद की कराटे की बालिका आकांक्षा सिंह का CISF में चयन, कोटा में लेंगी प्रशिक्षण

गाजियाबाद। खेल जगत से गाजियाबाद के लिए गर्व का क्षण आया है। शहर की पहली कराटे की बालिका आकांक्षा सिंह का चयन खेलकूद कोटे से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में हेड कांस्टेबल के पद पर हुआ है। आकांक्षा अब 22 सितंबर 2025 से राजस्थान के कोटा में अपना प्रशिक्षण शुरू करेंगी।
आकांक्षा ने गाजियाबाद के प्रजा मार्शल आर्ट्स अकादमी, विजयनगर में कोच नीरज पाल से कराटे का प्रशिक्षण लिया है। उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन ने उन्हें आज इस मुकाम पर पहुंचाया है। अकादमी में आकांक्षा के चयन की खुशी में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान आकांक्षा और उनके माता-पिता की ओर से कोच नीरज पाल को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य लोग और खेल प्रेमी शामिल हुए। श्रीचंद मास्टर, हरवीर सिंह, मुनेश देवी, कपिल शर्मा, बलवीर सिंह, जगपति देवी, राजेंद्र कुमार, धीरज पाल, सरला रसानिया, डॉ. प्रवीण कुमार और अकादमी के सभी बच्चों ने आकांक्षा को नई जिम्मेदारी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
आकांक्षा का यह चयन गाजियाबाद की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। खासतौर पर बेटियों के लिए यह संदेश है कि मेहनत और लगन से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। खेल के मैदान से निकलकर सुरक्षा बल में सेवा करना आकांक्षा की नई यात्रा है, जो न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गाजियाबाद के लिए गौरव की बात है।



