गाज़ियाबाद से शुरू हुआ ‘ब्रीथ ऑफ़ चेंज’ अभियान, सड़क धूल प्रदूषण पर काबू पाने के लिए सीएक्यूएम, यूपीपीसीबी और राहगिरी फाउंडेशन की बड़ी पहल


गाज़ियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की गंभीर वायु प्रदूषण समस्या से निपटने के लिए शुक्रवार को गाज़ियाबाद से एक नई मुहिम ‘ब्रीथ ऑफ़ चेंज’ की शुरुआत हुई। यह पहल कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM), उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) और राहगिरी फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई।
शुक्रवार को आयोजित तकनीकी कार्यशाला में गाज़ियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के इंजीनियरों व अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर CAQM रिसोर्स लैब का परिचय कराया गया, जो सड़क धूल प्रदूषण नियंत्रण और बेहतर शहरी सड़क डिज़ाइन के लिए प्रशिक्षण व प्रदर्शन केंद्र की भूमिका निभाएगी।
सड़क धूल प्रदूषण है बड़ा कारण
कार्यशाला में बताया गया कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के प्रमुख कारणों में सड़क व खुले क्षेत्र की धूल 18-38% तक योगदान देती है, जबकि वाहनों से निकलने वाला धुआं 20-41% तक जिम्मेदार है। ग़लत सड़क डिज़ाइन, कच्चे किनारे, खराब ड्रेनेज और अपर्याप्त सफाई के कारण धूल का जमाव और पुनः उड़ान प्रदूषण को बढ़ाता है।
विशेषज्ञों के विचार
इस मौके पर डॉ. एस.डी. आत्री, सदस्य (तकनीकी), सीएक्यूएम ने कहा—
“‘ब्रीथ ऑफ़ चेंज’ केवल एक कार्यशाला नहीं, बल्कि एक सामूहिक आह्वान है। हमें शहर की योजना में साफ हवा और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता बनाना होगा।”
अंकित सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, यूपीपीसीबी गाज़ियाबाद ने कहा कि इस सेमिनार का मुख्य लक्ष्य सड़क धूल प्रदूषण पर अंकुश लगाना है और इसके लिए सभी सड़क निर्माण व रखरखाव एजेंसियों को आमंत्रित किया गया है।
सारिका पांडा भट्ट, सह-संस्थापक, राहगिरी फाउंडेशन ने कहा—
“ओपन स्ट्रीट इवेंट यह दिखाएगा कि जब सड़कें लोगों के लिए हों और गाड़ियों के लिए नहीं, तो शहर कितना जीवंत और सुरक्षित लगता है। यही बदलाव स्थायी रूप से लाने की आवश्यकता है।”
जनता के लिए ओपन स्ट्रीट इवेंट
इस पहल का अगला चरण शनिवार, 30 अगस्त को सुबह 9 बजे केंद्रीय विद्यालय रोड, कमला नेहरू नगर, गाज़ियाबाद में ओपन स्ट्रीट इवेंट होगा।
इस दौरान सड़क को अस्थायी रूप से वाहनों के लिए बंद कर दिया जाएगा और लोग साइक्लिंग, स्केटिंग, वॉकिंग, आर्ट इंस्टॉलेशन, खेल और नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छ हवा का महत्व समझेंगे।

गाज़ियाबाद से शुरू होगी NCR की दिशा
यह पहल नौ चयनित शहरों में लागू की जाएगी, जिसमें गाज़ियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा शामिल हैं। इसके लिए चालू वित्तीय वर्ष में बजट भी स्वीकृत किया जा चुका है।
‘ब्रीथ ऑफ़ चेंज’ एक लोग-केंद्रित शहरी विकास मॉडल का संदेश देता है, जो सड़क धूल, वाहनों के उत्सर्जन और अन्य प्रदूषण स्रोतों को नियंत्रित करने की दिशा में ठोस कदम है।



