गाज़ियाबाद में शुरू हुआ रेरा समाधान दिवस: खरीदार-बिल्डर विवाद अब स्थानीय स्तर पर होंगे हल

गाज़ियाबाद। एनसीआर में घर का सपना पूरा करना जहां हर परिवार की चाहत होती है, वहीं लाखों रुपये और भारी-भरकम बैंक लोन चुकाने के बाद भी जब बिल्डर बुनियादी सुविधाएँ देने में लापरवाही करते हैं तो खरीदारों की परेशानियाँ बढ़ जाती हैं। अब ऐसी ही समस्याओं को कम करने और समाधान की दिशा में गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ी पहल की है।
आज जीडीए में “रेरा समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बायर्स और बिल्डर्स के बीच चल रहे विवादों को सीधे अधिकारियों के सामने रखा गया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि अब खरीदारों को नोएडा या लखनऊ के रेरा कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हर गुरुवार को गाज़ियाबाद में ही समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।

गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण ने बताया कि अब तक प्राप्त 90 मामलों में से 28 को निस्तारण के लिए चयनित किया गया है। इनमें संबंधित पक्षों को बुलाकर बातचीत से हल निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पिछले हफ्ते भी पाँच मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया था।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है। गाज़ियाबाद निवासी शिव कुमार और डॉ. पंकज गोयल ने कहा कि “वर्षों से बिल्डरों और दफ्तरों के चक्कर काटने की जो मजबूरी थी, उससे अब बड़ी राहत मिलने वाली है।”
जीडीए का दावा है कि रेरा समाधान दिवस खरीदारों को कोर्ट और अन्य दफ्तरों के धक्कों से मुक्ति दिलाएगा और उनकी समस्याओं का समाधान यहीं स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा।



