गाज़ियाबाद में पालतू कुत्तों के हमले बढ़े, राजनगर एक्सटेंशन में युवती घायल – मालिक बोला, “दिक्कत है तो घर बदल लो”
गाज़ियाबाद। पालतू और आवारा कुत्तों के हमले शहर की हाईराइज सोसाइटियों में लगातार चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ताज़ा मामला राजनगर एक्सटेंशन की डबलू सृष्टि सोसायटी का है, जहां ऑफिस जाने के लिए घर से निकली युवती निशि जैन पर पड़ोसी के दो जर्मन शेफर्ड कुत्तों ने हमला कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि निशि लिफ्ट का इंतज़ार कर रही थी, तभी दोनों कुत्ते अचानक पीछे से दौड़े और घबराहट में वह सीढ़ियों से गिर पड़ी। गिरने से उनके सिर में चोट आई।
पीड़िता के पिता आलोक जैन ने बताया कि इससे पहले भी उन्हीं कुत्तों ने उनकी 6 साल की पोती और सोसाइटी के अन्य बच्चों पर हमला किया था। शिकायत करने पर जब कुत्तों के मालिक से बात की गई तो उसने लापरवाही भरे अंदाज में कहा – “कुत्ते ऐसे ही रहेंगे, दिक्कत है तो घर बदल लो।” इस गैरजिम्मेदाराना रवैये से नाराज़ होकर आलोक जैन ने नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
यह पहली घटना नहीं है। तीन दिन पहले ही इंदिरापुरम की अम्रपाली विलेज सोसाइटी में भी एक कामकाजी महिला पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया था। खास बात यह रही कि वह कुत्ता नगर निगम में रजिस्टर्ड भी नहीं था। वीडियो वायरल होने के बाद निगम ने कार्रवाई की, कुत्ते को पकड़ लिया गया और मालिक को नोटिस जारी किया गया।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से सोसाइटी निवासी दहशत में हैं। उनका कहना है कि नगर निगम और पुलिस सिर्फ घटना के बाद सक्रिय होते हैं, लेकिन पहले से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते।
नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आशीष त्रिपाठी ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन पालतू कुत्ते पालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और अभियान चलाकर ऐसे कुत्तों को पकड़ा जा रहा है।
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि पालतू कुत्तों के मालिकों की जिम्मेदारी और लापरवाही भी कटघरे में खड़ी हो गई है।



